संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के लिए जिले के अंदर और एक से दूसरे जिले में परस्पर तबादले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आवेदन के लिए पूरे एक महीना का समय दिया गया। लंबे समय से स्थानांतरण का सपना देख रहे शिक्षकों में जिले के जिले में ही जाने स्कूल बदलने वालों की संख्या 436 है, जबकि अंतर जनपदीय तबादले वाले शिक्षकों की संख्या 279 है। 14 मई से जोड़ा बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी और फिर मनचाही जगह तबादला मिलने का सपना पूरा होगा।
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि आवेदन की तिथि को दो बार बढ़ाया गया था ताकि शिक्षक स्थानांतरण प्रकिया में शामिल हो सकें। प्रक्रिया के दूसरे चरण में आवेदनों के सत्यापन का कार्य होगा, जोकि खंड शिक्षा अधिकारी करेंगे। इसके बाद 9 से 13 मई तक जिला स्तरीय समिति की बैठक में आवेदनों पर विचार होगा। 14 से 20 मई के बीच शिक्षक ओटीपी से आपस में जोड़ा बनाएंगे। शिक्षकों को कार्यमुक्त और कार्यभार ग्रहण का मौका गर्मी की छुट्टियों के दौरान मिलना संभव है।
उन्होंने बताया कि जिले के जिले में स्थानांतरण लेने वाले शिक्षक अधिक है। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आवेदनों के मिलान में जन्मतिथि, विद्यालय में कार्यभार संभालने की तिथि, जिले में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि और मानव संपदा के डाटा से मिलान करेंगे। सूचनाओं की जांच गंभीरता से की जाएगी।