जनपद में होगा गुड़ महोत्सव
मुजफ्फरनगर। एशिया की बड़ी गुड़ मंडी मुजफ्फरनगर में जल्द ही गुड़ महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें गुड़ की 40 से अधिक विधाओं को प्रदर्शित करने की योजना है। डीएम अजय शंकर पांडेय ने महोत्सव के आयोजन के लिए एडीएम प्रशासन को नोडल अधिकारी बनाया है।
जनपद में गुड़ महोत्सव के रूप में नई पहल होने जा रही है। डीएम अजय शंकर पांडेय ने गुड़ को मुजफ्फरनगर की सांस्कृतिक विरासत का दर्जा दिया है और इसे राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने का निर्णय लिया है। जिले में बड़े स्तर पर गुड़ बनाया जाता है तथा यहां पर एशिया की बड़ी गुड़ मंडी है। डीएम ने बताया कि चीनी की तरह गुड़ को भी बाजार में विस्तार देना है। इसलिए राष्ट्रीय स्तर का गुड़ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें गुड़ के फायदे, गुड़ के बनाने के तरीके एवं गुड़ की विभिन्न वैरायटीज का संकलन प्रदर्शित होगा। गुड़ से बनने वाले तमाम तरह के उत्पाद भी प्रदर्शित होंगे। गुड़ से संबंधित लगभग 40 विधाओं पर प्रदर्शनी लगाने की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह से निजी तौर पर होगा। एडीएम प्रशासन अमित सिंह को इसका नोडल बनाया गया है। मई माह के अंत में गुड़ महोत्सव का आयोजन संभव है।