शोकेंद्र की हत्या करने की आशंका जताई
खतौली। सड़क हादसे के शिकार हुए शोकेंद्र के परिजनों ने हादसा नहीं उसकी हत्या करने की आशंका जताई है। परिजनों ने हादसे के दौरान घायल हुए साथी कल्लू पर ही धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पूछताछ करने के लिए साथी कल्लू को हिरासत में ले लिया है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
बता दें कि आठ अप्रैल की रात को रतनपुरी के गांव टोड़ा कल्याणपुर निवासी शोकेंद्र पुत्र होम सिंह अपने साथी गांव निवासी कल्लू पुत्र सोमपाल के साथ बाइक पर मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहा था। नेशनल हाईवे पर भैंसी कट के पास अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से शोकेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पीछे बैठा कल्लू घायल हो गया था। परिजनों का कहना है कि शोकेंद्र का गला कटा हुआ था। गला कटने से प्रतीत होता है कि शोकेंद्र की किसी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। परिजनों का यह भी कहना था कि गांव का साथी कल्लू आठ अप्रैल को शोकेंद्र को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। रविवार को परिजन थाने में पहुंचे। परिजनों ने इंस्पेक्टर हरसरन शर्मा से मिलकर कल्लू पर ही शोकेंद्र की हत्या करने का शक जताया है। पुलिस ने कल्लू को हिरासत में ले लिया है। पुलिस कल्लू से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि शोकेंद्र की मौत हादसे में ही हुई है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। इसलिए जांच पड़ताल करने के लिए कल्लू से पूछताछ की जा रही है।