मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट में बृहस्पतिवार को अमर उजाला की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बीबीए और एमबीए के छात्र-छात्राओं को मतदान जागरूकता का पाठ पढ़ाया गया। एक ओर जहां पहली बार मतदान करने जा रहे छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित हैं, वहीं उन्होंने अपने आसपास के क्षेत्र में भी मतदाताओं को जागरूक करने की भी शपथ ली।
कॉलेज के उप निदेशक डा. अभिषेक बाघला ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का मतदान अनिवार्य अंग है। इसके जरिये ही हम एक अच्छी सरकार का चुनाव कर सकते हैं। 11 अप्रैल को जिले में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसलिए स्वयं तो मतदान करें ही, अपने परिजनों और पड़ोसियों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं में अधिकांश इस बार पहली बार वोट डालेंगे। इसे लेकर वे काफी उत्साहित हैं। मोहम्मद तनवीर तथा निशा ने कहा कि वह 11 अप्रैल को जरूर मतदान करेंगे। शुभांगी, संध्या, पावन, आयुषी, तेजस्वी, सोनाली, निशा सिंह, श्रुति बंसल, चंचल आदि ने बताया कि साफ छवि के उम्मीदवार एवं देश की तरक्की को ध्यान में रखकर वोट करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दे उनके लिए अहम हैं। वे चाहते हैं कि देश में ऐसी सरकार बने जो युवाओं के हितों का ध्यान रखे। कार्यक्रम में डा. पूनम शर्मा, डा. विजय शर्मा, डा. सौरभ मित्तल, डा. पंकज शर्मा, रवि गौतम, नियति पंडित, डा. जूही गौतम, रमिका वर्मा, कपिल धीमान, युगांत आदि ने छात्र-छात्राओं को मतदान करने की शपथ दिलाई।