खतौली। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दुल्हैंडी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बृहस्पतिवार को सुबह से ही युवाओं और बच्चों ने बाल्टियों में रंग घोलकर पिचकारियों से एक दूसरे के साथ होली खेलकर आनंद उठाया। महिलाओं ने भी गुलाल से होली खेली। युवा वर्ग जगह जगह टीम ढोल की थाप पर नृत्य करते नजर आए। हालांकि कई स्थानों पर मामूली कहासुनी हो गई थी। नगर एवं देहात क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से दुल्हैंडी का पर्व मनाए जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
तिल्हैंडी का जुलूस निकाला
ककरौली। गांव जड़वड़ कटिया, खाईखेड़ा और खुजेड़ा में होली पर्व का तिल्हैंडी का जुलूस संपन्न हो गया। जिसमें ग्रामीणों ने सुंदर झांकियों और ढोल की थाप पर जमकर नृत्य कर गुलाल उड़ाया। जड़वड़ कटिया में ढोल, झांझर, घरणावल, चिमटे आदि की थाप पर युवकों ने जमकर नृत्य कर समा बांध दिया। खाईखेड़ा गांव में ग्रामीणों ने शिव पार्वती, गणेश, राधा-कृष्ण, विष्णु भगवान, सीता-राम आदि की शानदार झांकी का आयोजन किया। जुलूस को लेकर भारी पुलिस बल तैनात रहा। रविंद्र बेनीवाल, सुबोध, दिनेश, सोमवाल, सचिन बेनीवाल, मदन, श्यामलाल, कवल सिंह, गोकुल, मलखान, सुभाष चंद्र, प्रदीप, किरणपाल, जनक, परमो, प्रमोद, सत्यपाल आदि ग्रामीणों का सहयोग रहा।
दुल्हैंडी पर्व धूमधाम से मनाया
सिखेड़ा। क्षेत्र में दुल्हैंडी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गांव निराना, बहादरपुर, सिखेड़ा आदि में ग्रामीणों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली मनाई। प्रभारी निरीक्षक प्रेम प्रकाश शर्मा ने बताया कि होलिका महोत्सव क्षेत्र में शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।