देवबंद (सहारनपुर)। नगर की तलहेड़ी चुंगी पर चाय की दुकान पर नौकरी करने वाले एक किशोर ने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका शव पास में स्थित एक टेंट हाउस में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हुलाशगढ़ गांव निवासी लखन सिंह का 15 वर्षीय बेटा सोनू उर्फ पंडित नगर की तलहेड़ी चुंगी पर स्थित एक चाय की दुकान पर नौकरी करता था। मंगलवार को पेट में दर्द होने की वजह से वह पास में एक टेंट हाउस में जाकर लेट गया। शाम करीब पांच बजे जब चाय की दुकान चलाने वाला काक्की उसे उठाने के लिए गया तो वह नहीं उठा। चिकित्सक को बुलाकर दिखाया तो उसने उसे मृत घोषित कर दिया। लोगों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे सीएचसी ले आई। इस दौरान जानकारी पाकर उसके परिजन और ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक आसपास के लोगों से पूछने पर इतनी जानकारी मिली कि वह सुबह से किसी से फोन पर बात कर रहा था जिसकी वजह से वह परेशान लग रहा था। चर्चा है कि प्रेम प्रसंग के चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस फोन से मिले नंबरों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोनू की मौत का क्या कारण है यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत का लग रहा है।
नौशाद उस्मानी