बुुढ़ाना। गन्ने से लदी भैंसा- बुग्गी ट्रक की टक्कर से सड़क किनारे खाई में गिर गई। इसमें किसान गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि भैंसे की मौके पर मौत हो गई। घटना से नाराज किसानों ने बुढ़ाना-खतौली मार्ग पर चीनी मिल के पास जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ के आर्थिक सहायता दिलवाने के आश्वासन पर ग्रामीणों ने जाम खोला।
गांव नसीरपुर का रहने वाला रामस्नेह (55) गन्नों से लदी भैंसा बुग्गी लेकर बजाज चीनी भैसाना जा रहा था। शनिवार को सुबह करीब चार बजे बुढ़ाना-खतौली मार्ग पर भैसाना चीनी मिल के पास विपरीत दिशा से आए ट्रक ने भैंसा बुग्गी को टक्कर मार दी। इससे बुुग्गी टूटकर भैंसे सहित सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इसमें किसान रामस्नेह घायल हो गया जबकि भैंसे की मौके पर मौत हो गई। आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान को सीएचसी में भर्ती करवाया। सीएचसी से किसान को मेरठ रेफर किया गया है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही भाकियू कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंच गए और आर्थिक सहायता की मांग करते हुए सड़क के बीच बैठकर जाम लगा दिया। उपजिलाधिकारी नितिन गौर, सीओ हरिराम यादव व कालूराम, तहसीलदार मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक मालिक से पीड़ित किसान को आर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी। किसान का गन्ना प्राथमिकता के आधार पर चीनी मिल में डलवाया जाएगा। पीड़ित किसान का गन्ने का बकाया भुगतान भी एक मुश्त दिलवाया जाएगा। प्रशासन से भी किसान को आर्थिक सहायता दिलवाई जाएगी। एसडीएम के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया। इस मौके पर बालियान खाप के सुभाष बालियान, भाकियू के मांगेराम, केपी ठेकेदार, सुधीर, आदिल, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह उर्फ बबलू, नरेंद्र, सतेंद्र आदि मौजूद रहे।