मुजफ्फरनगर। तीन कृषि यंत्रों पर अनुदान की योजना में खरीदे गए यंत्रों का विभागीय अधिकारियों ने सत्यापन किया। सत्यापन को लेकर कृषि विभाग के कार्यालय पर किसानों की कतार लगी रही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को कृषि यंत्रों पर छूट के लिए अभियान चलाया था। छह नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने वाले सभी किसानों को योजना का लाभ दिया गया। इस योजना में किसानों तीन यंत्र लेने पर 80 प्रतिशत और एक यंत्र लेने पर 50 प्रतिशत की छूट दी गई। किसानों ने जो यंत्र खरीदे उनमें रोटावेटर, मल्चर, सीड ड्रील शामिल है। यंत्रों को खरीदने के बाद शुक्रवार को उनका सत्यापन हुआ। उप निदेशक कृषि नरेंद्र सिंह ने बताया कि तीन अधिकारियों जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी पवन विश्वकर्मा, भूमि संरक्षण अधिकारी तुलसी प्रजापति को सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई। सत्यापन को लेकर सुबह से ही उप निदेशक कार्यालय पर किसानों की भीड़ लगी रही। शाम तक सत्यापन का कार्य हुआ। सबसे पहले तीन यंत्र लेने वाले किसानों के यंत्रों का सत्यापन हुआ। जिले में कुल 700 किसानों ने योजना में कृषि यंत्र खरीदे हैं।