वॉलीबाल खिलाड़ी का पैतृक गांव में स्वागत
तितावी। जकार्ता में हुए एशियाड गेम्स में खेलकर लौटे भारतीय वॉलीबाल टीम के खिलाड़ी विनीत कुमार का उनके पैतृक गांव बुड़ीना कलां में स्वागत किया गया। विनीत कुमार ने इस दौरान गांव में पौधरोपण भी किया।
गांव बुड़ीना कलां में रविवार को हरेला फाउंडेशन व सभ्यता फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा भारतीय वॉलीबाल टीम के सदस्य विनीत कुमार का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान गांव में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। खिलाड़ी विनीत कुमार ने इस अवसर पर देश के सभी खिलाड़ियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में आज भी अच्छे खिलाड़ियों और प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों व कम जानकारी के अभाव में खिलाड़ी सही मुकाम पर नहीं पहुंच पाते हैं। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ कपिल शर्मा ने गांव व आसपास क्षेत्र में 1100 पौधे लगाने का संकल्प लिया। डॉ कपिल ने कहा कि पर्यावरण से जुड़ी सभी समस्याएं वैश्विक तपन, ओजोन परत छेद, अम्ल वर्षा आदि के प्रभाव को पौधे लगाकर कम किया जा सकता है। सभ्यता फाउंडेशन के निदेशक पुष्पेंद्र आर्य ने बताया कि लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के लिए अगले महीने संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संजू लाटियान, गौरव लाटियान, नितिन पंडित, गौरव शर्मा, अंकित शर्मा, आदेश शर्मा, गौरव, नितिन, रोहित और गुरुकुल आर्यावर्त के विद्यार्थी उपस्थित रहे।