हमला कर घायल किया
मीरापुर। कस्बे के मोहल्ला कोटला में चार युवकों ने अपने मकान केे बाहर बैठे व्यक्ति पर हमला कर घायल कर दिया। मोहल्ला कोटला निवासी शाहबाज पुत्र इकराम ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता इकराम अपने घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान खालिद, जुबैर, तसलीम व नईम लाठी डंडो से उन पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस हमलावरों की तलाश में लगी है। उधर, भुम्मा रोड पर सुनील पुत्र वेदराम बाइक मिस्त्री है। इसी बस्ती के एक युवक ने मरम्मत के लिए आई एक बाइक सुनील से मांगी, तो उसने बाइक देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर आरोपी ने आपने साथियों के साथ मिस्त्री को मारपीट कर घायल कर दिया।
मंदिर गई युवती लापता
मीरापुर। युवती का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं लगा। पीड़िता मां ने अपनी बेटी की थाने में तहरीर दी है। पीड़िता का कहना है कि शनिवार को उसकी 19 वर्षीया बेटी घर से मंदिर के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं आई। पीड़िता का कहना है कि उसकी बेटी को कोई बहला फुसला कर ले गया। पुलिस मामले की छानबीन में लगी हुई है। उधर, मुजफ्फरनगर से बहला फुसलाकर लाई गई बरामद युवती को नई मंडी थाना मुजफ्फरनगर की पुलिस अपने साथ ले गई। उल्लेखनीय है कि मीरापुर थाना क्षेत्र के नयागांव भप्तुम्मा निवासी एक युवक नई मंडी थानाक्षेत्र की बस्ती अमित विहार से बहका फुसलाकर ले आया था। मीरापुर पुलिस ने सोमवार की शाम लडकी को बरामद कर लिया था। आरोपी युवक अभी भी फरार है।
बिजली के तार टूटे, बाल-बाल बचे किसान
मीरापुर। थाने के निकट मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बिजली के तार टूटने से वहां खड़े कई किसान बाल-बाल बचे। थाने के निकट बने सरकारी खाद गोदाम से खाद लेने के लिए किसानों की भीड़भाड़ रहती है। दोपहर करीब तीन बजे कस्बे की ओर आ रही हाईटेंशन लाइन के तार टूटकर अचानक गिर पड़े। इस लाइन के नीचे कई किसान मौजूद थे। टूटे तार को गिरते देख किसानों में भगदड़ मच गई।