मीरापुर। पुलिस और कस्बे के सामाजिक लोगों ने मिलकर एक गरीब युवक का विवाह कराया। कसबा निवासी विजय पुत्र सतीश मदान काफी समय से थाने में सेवा करता है। कुछ वर्ष पूर्व उसके पिता का निधन हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने पर उसकी मां भी प्राईवेट नौकरी कर परिवार लालन-पालन करती है। उसकी मां ने मीरापुर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह से विजय की शादी कराने का आग्रह किया, तो इंस्पेक्टर ने अपने एक परिचित के माध्यम से एक गरीब लड़की अनुषा से विजय का रिश्ता कराया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लड़की के पिता के रूप में इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने अनुषा का कन्यादान किया, जबकि एसएसआई जितेंद्र यादव ने लड़के विजय के पिता के रूप में आवश्यक रीति रिवाज पूर्ण किए। शुक्रवार दोपहर विजय की थाने से बैंडबाजे के साथ घुड़चढ़ी शुरू हुई। आर्य समाज में वरमाला के बाद फेरों की रस्म अदा की गई।
डीएम से मिले किसान, धांधली का आरोप
मीरापुर। टिकौला चीनी मिल और गन्ना समिति रामराज द्वारा की जा रही गन्ना पर्चियों में धांधली को लेकर किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला और गन्ना आपूर्ति की धांधली में लिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
टिकौला चीनी मिल और गन्ना समिति रामराज से संबंधित गन्ना किसानों का कहना है कि कुछ कर्मचारियों ने सहारनपुर से फर्जी गन्ना पर्ची छपवाकर कुछ किसानों से साठगांठ कर मिल में गन्ना आपूर्ति करा दी, जबकि पात्र किसानों के बेसिक कोटे का मात्र 40 प्रतिशत गन्ना ही मिल को जा सका। इस धांधली से बेसिक कोटे के अनुसार गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों को भारी परेशानी हुई है। उधर, मिल को गन्ने की तस्करी से राजस्व की हानि भी हो रही है। क्षेत्र के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम राजीव शर्मा से मिला और उन्हें गन्ना आपूर्ति की धांधली व किसानों की हानि के बारे में विस्तार से बताया। डीएम ने एसडीएम जानसठ को जांच के निर्देश दिए हैं। इस दौरान नरेश कुमार, बिंदर सिंह, सुशील कुमार, सुभाषचंद, जयपाल, दिनेश कुमार, योगेश, भीष्म पाल, सतपाल, योगेंद्र आदि शामिल रहे।
भट्ठा श्रमिकों में झगड़ा, महिला समेत चार घायल
मीरापुर। गांव सिकंदरपुर के निकट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों के बीच हुई मारपीट में एक महिला सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी जानसठ उपचार के लिए भेजा। सिकंदरपुर निवासी धीर सिंह पुत्र तेजपाल ने थाने में तहरीर देकर बताया कि भट्ठे पर बने आवासीय कमरे को लेकर मजदूरों में मारपीट हो गई। इस मारपीट में सुमित, अमित, बंटी और उर्मिला घायल हो गए। पीड़ित ने चार हमलावरों के विरुद्ध तहरीर दी।
बालक लापता
मीरापुर। कस्बे के मोहल्ला नमक मंडी निवासी महिला मंजू पत्नी जगवीर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र आर्यन नौ वर्ष पूर्वाह्न 11 बजे से घर से लापता है। काफी तलाश किया, लेकिन बच्चा नहीं मिलने पर पीड़ित महिला ने पुलिस से मदद की गुहार की है।