बेटियों को शिक्षित करने पर बल
मुजफ्फरनगर। चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने कहा कि लड़कियों को बेहतर शिक्षा दी जानी चाहिए। माता-पिता को बेटी की पढ़ाई में कतई भी कंजूसी नहीं करनी चाहिए। डीएम राजीव शर्मा की धर्मपत्नी सुधा शर्मा ने कहा कि शिक्षित बेटियों से ही अच्छा समाज बनता है।
नईमंडी में किड्जी स्कूल में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चेयरमैन अंजू अग्रवाल ने कहा कि बेटे और बेटी की पढ़ाई को लेकर हमें कोई भेदभाव नहीं करना चाहिए। बेटियों को बेटे की तरह अच्छे स्कूलों में शिक्षा दिलानी चाहिए। सुधा शर्मा ने कहा कि बेटियां दो परिवारों का सम्मान होती हैं। दो परंपराओं को जोड़ती हैं। बेटियां शिक्षित होंगी तो अच्छे समाज का निर्माण होगा। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी स्वयं बेटियों को पढ़ाने पर विशेष जोर दे रहे हैं। बेटियों की शिक्षा के लिए विभिन्न योजनाएं भी चलाई हैं। इस अवसर पर स्कूूल की डायरेक्टर चारु भारद्वाज ने घोषणा की कि संस्था के 11 साल पूरे होने पर लड़कियों के एडमिशन में 11 हजार की छूट दी जाएगी। समाज में बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए संस्था यह कदम उठा रही है। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग की सोनिया लूथरा, डॉ निशा मलिक, मिताली, महिला पुकार संस्था की वंशिका ने भी विचार रखे। विद्यालय कोआर्डिनेटर शालिनी जैन ने सभी का आभार जताया। संचालन राखी अग्रवाल, प्रिया ने किया।