शिकारपुर में अंगीठी ने वृद्ध की जान ली
भौराकलां (मुजफ्फरनगर)।
शिकारपुर गांव में सर्दी से बचाव के लिए चारपाई के पास रखी जलती हुई अंगीठी जानलेवा साबित हो गई। अंगीठी से उठी चिंगारी के कारण वृद्ध के कपड़ों में आग पकड़ ली। आग की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस ने कोई भी कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव शिकारपुर निवासी बुद्ध सिंह (93) पुत्र बलदेव काफी समय से बीमार चल रहा था। मंगलवार रात सर्दी अधिक होने के कारण उसकी पत्नी सियावती ने अंगीठी जलाकर पति के चारपाई के पास रख दी। रात में किसी समय अचानक अंगीठी से उठी चिंगारी के कारण रजाई में आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने वृद्ध के कपड़ों में पकड़ ली। आग का उठता धुआं देखकर परिजन वृद्ध के कमरे में पहुंचे, तब तक वृद्ध आग से गंभीर रूप से झुलस चुका था। परिजनों ने उसे शाहपुर सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उसे नाजुक अवस्था में जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया। जब एंबुलेंस उसे लेकर जिला मुख्यालय आ रही थी, तो रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर, दोपहर बाद मृतक के बेटे सुरेंद्र और पूर्व ग्राम प्रधान सुनील ने शहर कोतवाली पहुंच कर तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई से इंकार किया। इस पर पुलिस ने शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उधर, वृद्ध की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों ने कहा कि पता नहीं यह मनहूस दिन देखने को क्यों विवश होना पड़ा।