खतौली (मुजफ्फरनगर)। निकाय चुनाव में नगर पालिका अध्यक्ष पद चुनाव लड़ने वाले तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं। जबकि सभासद पद के लिए चुनाव लड़ने वाले 10 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। अब फिलहाल चुनाव मैदान में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने वाले 22 प्रत्याशी और सभासद पद पर 160 प्रत्याशी चुनाव लडे़ंगे।
शुक्रवार को नामांकन पत्र वापस लेने का दिन था। तहसील में पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के लिए 25 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। जिनमें से मीना पत्नी उमेश कुमार, नीशूू पत्नी विनीत और सुषमा पत्नी सुधीर गोयल ने नामांकन पत्र वापस ले लिया। इनके अलावा पालिका के 25 वार्डों में 170 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किया था। जिनमें से वार्ड 16 से शादाब, वार्ड 13 से राहुुल जैन, यादवराम, वार्ड 19 से आसिफ, वार्ड 20 से गुलिस्ता, फिरदौस, वार्ड 09 से जालिम सिंह, मनीष प्रताप राना, वार्ड 07 से टिंकू व वार्ड 10 से विपुल ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया है। अध्यक्ष पद के लिए अब चुनाव मैदान में 22 प्रत्याशी रह गए हैं, जबकि सभासद पद के लिए 160 प्रत्याशी ताला ठोकेंगे। शनिवार को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।