रेलवे ट्रैक मरम्मत का कार्य बदस्तूर जारी
खतौली (मुजफ्फरनगर)। कलिंग उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन हादसा होने पर 31 घंटे बाद नया रेलवे ट्रैक बनाकर रविवार रात को 12 बजे के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया गया था। बावजूद पूरी तरह से मरम्मत करने का कार्य रेलवे ट्रैक पर बदस्तूर कार्य जारी है। जब तक ट्रैक मजबूत नहीं होगा, तब तक सभी ट्रेनों को 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की धीमी गति से निकाला जाएगा।
बुधवार को भी रेलवे कर्मचारियों की टीम दुर्घटनास्थल पर बनाए गए नए रेलवे ट्रैक का मरम्मत कार्य करती रही। इंजीनियरों के मुताबिक प्रत्येक ट्रेन के गुजरने के बाद नए रेलवे ट्रैक के पेंड्रोल व नट बोल्ट को कसना पड़ रहा है। इस कार्य के लिए दिल्ली से भी इंजीनियरों को लगाया गया है। यहां तक कि दिल्ली से ही रेलवे ट्रैक ठीक कराने वाली टीम लगी हुई है। स्थानीय रेलवे ट्रैक ठीक करने वाले कर्मचारियों को इस कार्य से दूर रखा गया है।