मुजफ्फरनगर। ईद उल फितर के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने शहर को दो जोन और तीन सेक्टर में बांट दिया है। मिश्रित आबादी, संवेदनशील और अति संवेदनशील जगहों पर फोर्स तैनात रहेगा। एसपी सिटी ने अन्य अफसरों और फोर्स के साथ ईदगाह का निरीक्षण कर अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
चांद दिखाई देने के बाद सोमवार को ईद होने की संभावना है। त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का चाक चौबंद किया है। इसके लिए शहर को दो जोन और तीन सेक्टरों में बांटा गया है। एक जोन के सीओ सिटी और दूसरे जोन के ट्रेनी आईपीएस मणीलाल पाटीदार प्रभारी होगे। मिश्रित आबादी, संवेदनशील और अति संवेदनशील जगहों पर पुलिस, अर्द्धसैनिक बल और पीएसी को तैनात किया गया है। नमाज के दौरान सड़कों पर वाहनों का संचालन रोककर पहले नमाजियों को निकाला जाएगा। एसपी सिटी ओमबीर सिंह ने शनिवार शाम ईदगाह पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और सफाई का जायजा लिया। एसपी ने अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस दौरान शहर काजी जहीर आलम, शहर कोतवाल संजीव शर्मा आदि रहे।
ड्रोन कैमरे से होगी शहर की निगरानी
मुजफ्फरनगर। ईद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। सुरक्षा को लेकर कोताही नहीं बरतना चाहते। इसके लिए ड्रोन कैमरे से नमाज के दौरान शहर पर निगाह रखी जाएगी। पुलिस की एक टीम शहर के ऊपर खासकर मिश्रित आबादी और संवेदनशील जगहों पर निगाह रखेगी।