मुजफ्फरनगर। आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने सहित महिला सुरक्षा को और भी अधिक मजबूत करने के लिए शहर में अलग-अलग स्थानों पर 400 सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने ईओ डॉ.प्रज्ञा सिंह के साथ शहर का निरीक्षण किया।
पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि शहर में डिजिटल सुरक्षा सुदृढ़ करने के लिए 400 सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यापक कार्ययोजना पर काम शुरू हो चुका है। इन कैमरों के सहारे पूरे शहर की निगरानी के लिए टाउन हाल परिसर में एक इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। जहां से 24 घंटे शहर के नागरिकों के लिए डिजिटल सिक्योरिटी सुनिश्चित की जाएगी।
इस कंट्रोल रूम को पुलिस लाइन के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जोड़कर पुलिस की ओर से लगाए गए कैमरों का एक्सेस भी लिया जाएगा। ताकि इस सुरक्षा को वृहद स्तर पर बढ़ाया जा सके।
-
एनपीआर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार
योजना के तहत शहर के प्रवेश मार्गों और मुख्य सड़कों पर एनपीआर (नंबर प्लेट रीडर) सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरे लगाने की दोनों परियोजना पर करीब तीन करोड़ रुपये का बजट तैयार किया जा रहा है। शहर के विकास को गति देने के लिए चेयरपर्सन ने ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ एटूजेड रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डिवाइडर के सुंदरीकरण, रेलिंग लगाने और पौधरोपण कर उसे हरा-भरा व स्वच्छ बनाने के निर्देश दिए गए। एटूजेड कॉलोनी गेट पर नाले की पुलिया के रैंप धंसने की प्राप्त शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठेकेदार के प्रति नाराजगी जताई।