खतौली में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतें सूनते हुए अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फश्रनगर, जानसठ/बुढ़ाना/खतौली। तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में सीडीओ आलोक यादव ने लोगों की समस्याओं को सुना। कुल 18 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। उधर, बुढ़ाना तहसील में आयोजित पहले समाधान दिवस में 15 और खतौली तहसील में सात शिकायतें प्राप्त हुईं।
सीडीओ आलोक यादव ने अधिकारियों से कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायतों का संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर निस्तारण करें। मौके पर निस्तारण समय पर नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस संबंधित शिकायतों को सुना और संबंधित थाना प्रभारियों को पुलिस से संबंधित शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। एसडीएम जयेंद्र कुमार मौजूद रहे।
उधर, बुढ़ाना तहसील के मीटिंग हॉल में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें राजस्व, सिंचाई व विकास आदि विभागों से संबंधित 15 शिकायतें प्राप्त हुई। एसडीएम अरुण कुमार ने ग्रामीणों की फरियाद सुनी। तहसीलदार सतीश चंद बघेल ने बताया कि खेतों में कार्य अधिक होने के कारण तथा जानकारी के अभाव में फरियादी कम आए। मौके पर सीओ फुगाना शरद चंद शर्मा व नायब तहसीलदार अमन कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उधर, खतौली तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें मात्र सात शिकायतें आईं। अध्यक्षता एसडीएम जीत सिंह राय ने की। किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
ग्रामीणों का तहसील में प्रदर्शन
जानसठ। राशन डीलर पर राशन बांटने में भारी अनियमितता बरतने तथा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर तहसील में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। गांव कम्हेड़ा के रहने वाले ग्रामीण रियासत, नसीम, मोहम्मद सलमान, अमीर आलम, मुजाहिद आदि शनिवार को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे। ग्रामीणों ने राशन डीलर के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सीडीओ आलोक यादव को राशन डीलर के खिलाफ जांचकर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। संवाद
बुढ़ाना में सम्पूर्ण समान दिवस में समस्या सुनते उप जिलाधिकारी व तहसीलदार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR