संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए संचालित इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना के तहत जिले में पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। अब तक जिले के 70 विद्यालयों के 380 विद्यार्थियों ने योजना के लिए पंजीकरण कराया है। कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी इसमें प्रतिभाग कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है।
योजना के तहत विद्यार्थियों को रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए नए और मौलिक तकनीकी विचार प्रस्तुत करने होंगे। आवेदन के दौरान विद्यार्थी को अपने आइडिया की कम से कम 150 शब्दों की रूपरेखा व प्रस्तावित मॉडल की एक पेज की इमेज अपलोड करनी है। भारत सरकार की ओर से चयनित विद्यार्थियों को मॉडल तैयार करने के लिए प्रति छात्र 10 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से दी जाती है।
डीआईओएस हरिकेश यादव ने बताया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी वैज्ञानिक प्रतिभा और रचनात्मक सोच को पहचानकर उसे बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने के निर्देश प्रधानाचार्यों को दिया गया है।