छपार। भाकियू (तोमर) की बैठक में बजट में की गई किसानों को छह हजार रुपये देने की घोषणा का विरोध किया गया। वक्ताओं ने कहा कि छह हजार रुपये बेहद कम राशि है।
गांव तेजलहेड़ा में भाकियू (तोमर) की दिनेश के आवास पर हुई बैठक में अंकित को ग्राम अध्यक्ष चुना गया, जबकि युवा की कमान मोहम्मद नईम को सौंपी गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर ने कहा कि किसान को छह हजार रुपये सालाना यानी 500 रुपये महीना देने से उसकी गरीबी दूर नहीं होगी। यह सरकारी मदद किसानों की आत्महत्या की घटनाओं को नहीं रोक सकती। यह घोषणा बेहद कम है। किसान को उसकी फसल का उचित दाम समय से मिले। सरकार किसानों को 17 रुपये रोज देकर गुमराह कर रही है। जिलाध्यक्ष अखिलेश चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष अजय त्यागी, आशीष शर्मा ने भी विचार रखे। रामसिंह गौतम, अशोक बलवान, नीरज पंवार, पंकज पंवार, अनिल धामा, विक्की तोमर, योगेंद्र, नरेश, श्यामलाल, रमेश, देवेंद्र आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।