कार ने भैंसा बुग्गी में टक्कर मारी
रतनपुरी/खतौली गांव सठेड़ी गंगनहर पटरी पर मुजफ्फरनगर की ओर जा रही तेज गति आ रही कार ने भैंसा बुग्गी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से भैंसा मौके पर ही मर गया।
मोहल्ला अबूपुरा मुजफ्फरनगर निवासी हसन जैदी पुत्र मोहम्मद नैय्यर अपने साथी अनुज शर्मा पुत्र सोमदत्त शर्मा निवासी इंद्रा कालोनी मुजफ्फरनगर के साथ शेवरले बीट कार द्वारा मेरठ से मुजफ्फरनगर जा रहे थे। जब ये लोग गंगनहर पटरी पर सठेड़ी पुल के पास पहुंचे, तो चालक हसन जैदी सामने से आ रहे दूसरे वाहन की लाइट में सड़क किनारे खड़ी भैंसा बुग्गी को नहीं देख पाया, जिससे उसकी कार खड़ी भैंसा बुग्गी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैंसा मौके पर ही मर गया। बुग्गी सवार नरेंद्र पुत्र फेरु सिंह बाल बाल बचा। टक्कर लगने से कार सवार हसन जैदी और उसके साथी अनुज शर्मा को भी मामूली चोटें आई। सूचना पर रतनपुरी और खतौली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार को सड़क से अलग हटाकर यातायात सुचारु कराया। कार सवार दोनों युवकों हसन जैदी और अनुज शर्मा को हिरासत में ले लिया गया है। अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। दोनों पक्षों में समझौता की बातचीत चल रही है।