मुजफ्फरनगर। शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग पर गांव पुरबालियान में शुक्रवार सुबह गन्ने से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली बीच सड़क पर पलटने से लंबा जाम लग गया। घंटों जाम रहने से मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिनमें कई स्कूली वाहन भी घंटों फंसे रहे। पुलिस ने किसी तरह सड़क से गन्ने हटवाकर एक-एक कर वाहनों को निकाला।
मिल मंसूरपुर में गन्ने ले जा रहा ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग पर गांव पुरबालियान में काली नदी पुल के पास बीच सड़क पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटते ही उसमें लदा गन्ना बीच सड़क पर फैल गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते शाहपुर-मंसूरपुर मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे बड़ी संख्या में राहगीर जाम में फंस गए। इसी दौरान दोपहर बाद स्कूलों की छुट्टी होने से कई स्कूली वाहन भी जाम में जा फंसे, जिनमें सवार बच्चे घंटों जमा देने वाली ठंड में वाहनों में ही बैठे रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों बाद किसी तरह सड़क से गन्नों को हटवाने के साथ ही पलटे ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क किनारे लगवाया, जिससे सड़क की एक साइड खाली हो सकी। इसके बाद उसी पर एक-एक कर वाहनों को निकालकर किसी तरह जाम खुलवाया जा सका।