देश में अमन-चैन की दुआ मांगी
मोरना। बिहारगढ़ में पीर खुशहाल चिल्लागाह बाबा पीर खुशहाल की पुण्यतिथि पर जायरीनों ने दुआ में शामिल होकर देश में अमन और तरक्की की दुआ मांगी। वहीं, दादा पीर सैयद अब्दुल हयी चटगांव बंगाल वालों का 100वां उर्स भी धूमधाम से मनाया गया। साधु संत तथा मौलाना दुआ में शामिल हुए। साधु संतों का माल्यार्पण कर विशेष सम्मान भी किया गया। कलियर शरीफ से आई कव्वाल पार्टी ने शानदार कव्वाली सुनाकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।
मोरना बिहारगढ़ रोड पर वर्षों पुरानी इबादतगाह मियां पीर खुशहाल की चिल्लागाह पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सदुज्जमां ने कहा कि देश में प्यार इत्तिफाक की जरूरत है। मुल्क में अच्छी फिजा होना खुशहाली की तस्वीर को बयां करती हैं। अच्छे माहौल से देश में तरक्की होगी। हिंदुस्तान में सभी वर्गों के लोग प्रार्थना इबादत करते चले आ रहे हैं। हमें दुनिया में भाईचारे व इंसानियत का बेहतरीन पैगाम देना चाहिए। महामंडलेश्वर स्वामी गोपालाचार्य महाराज, स्वामी कृपालदास महाराज, स्वामी भजनानंद महाराज आदि ने विचार रखे। गद्दी नशीन सूफी ख्वाजा जव्वाद अहमद खुशहाली से अकीदतमंदों ने आशीर्वाद लिया। सैयद अनवर साहब अजमेर शरीफ, सैयद फखरूदीन महरोली कुतबुदीन बख्तयार गाह, रहमत उल्ला अली, खादिम शुजात खान आदि ने भी इस मौके पर उपस्थित होकर मियां पीर खुशहाली की दरगाह पर चादर पोशी कर देश दुनिया में अमन कायम व खुशहाली की दुआ मांगी। कलियर शरीफ से आए कव्वाल गुलाम हुसैन साबरी, फिदा हुसैन, गुलाम फरीद, नूर मोहम्मद, आमिर हुसैन आदि साजिंदों के साथ हजूर की शान में बेहतरीन कव्वाली पेश कर जायरीनों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के आयोजन में सूफी दिलवनाज, तांजीम इलाही, कमालूदीन, भगवंत सिंह करनाल, शेर सिंह सरपंच, सतीश राणा, पंजाब के राजू आदि ने मुख्य भूमिका निभाई।