गैस एजेंसियां दस दिन का स्टॉक रखें
मुजफ्फरनगर। जिले में कार्यरत सभी गैस एजेंसियों के मालिकों की डीएसओ ने बैठक ली। सभी से कहा कि वह दस दिन का स्टॉक अपने पास रखे। कांवड़ के दौरान मार्ग बंद रहेगा। ऐसी स्थिति में गैस की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
डीएसओ सुनील पुष्कर ने अपने कार्यालय पर गैस एजेंसी मालिकों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के चलते मार्ग बंद रहेंगे, इससे पहले ही उनके पास गैस का स्टॉक होना चाहिए। उपभोक्ताओं के सामने गैस को लेकर परेशानी नहीं आनी चाहिए। घरेलू एवं व्यवसायिक गैस का पर्याप्त स्टॉक रखना सुनिश्चित करें, ताकि मार्ग अवरुद्ध होने पर आम जनता को गैस की परेशानी न हो। गैस एजेंसी स्वामियों ने बताया कि गैस उपभोक्ताओं द्वारा गैस बुकिंग करवाने के बाद गैस प्राप्त नहीं की जा रही है, जिस कारण बैकलॉक भरा हुआ है, जबकि सभी गैस एजेंसियों के पास गैस की पर्याप्त उपलब्धता है। कांवड़ शिवरों को गैस उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैठक में निर्णय लिया गया कि कलक्ट्रेट स्थित क्षेत्रीय खाद्य कार्यालय में तत्काल प्रभाव से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके प्रभारी श्याम सुंदर राम क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रहेंगे। मोहिनी मिश्रा और धर्मेंद्र कुमार उनके साथ रहेंगे। व्यावसायिक सिलेंडर 1365 के स्थान पर 1150 का दिया जाएगा। कांवड़ शिविरों में व्यावसायिक गैस का ही प्रयोग होगा।