ओपन लिस्ट से एडमिशन को रही भीड़
मुजफ्फरनगर। डिग्री कॉलेजों में ओपन लिस्ट के माध्यम से स्नातक की पढ़ाई को एडमिशन के लिए छात्र-छात्राओं की भारी भीड़ रही। एसडी डिग्री कॉलेज में प्रवेश के लिए अंतिम समय तक विद्यार्थियों में उत्साह रहा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार शहर के डिग्री कॉलेजों में जिस-जिस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए सीटें रिक्त रह गई हैं, उनमें एडमिशन के लिए छात्र-छात्राओं को ओपन मौका दिया गया। देर शाम तक स्कूल प्रबंधन एडमिशन की प्रक्रिया को पूरा करने में लगा रहा। चौधरी छोटूराम डिग्री कॉलेज में बीएससी एग्रीकल्चर की आरक्षित सीटों के लिए भी विद्यार्थियों ने आवेदन किए। जैन कन्या डिग्री कॉलेज में बीकॉम, एसडी डिग्री कॉलेज में बीएससी और बीए में प्रवेश के लिए छात्रों ने आखिर वक्त तक प्रयास किया। नौ जुलाई सोमवार को शहर के डिग्री कॉलेजों की रिक्त सीटों की सूची अंतिम बार प्रदर्शित की जाएगी।
कक्षाएं भी संचालित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। एसडी डिग्री कॉलेज में संध्याकालीन कक्षाओं को चलाने की मांग को लेकर छात्रसंघ सचिव विशाल वर्मा व हिमांशु पचैंडा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य डॉक्टर एससी वार्ष्णेय को अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा। छात्र नेताओं ने कहा कि जिन स्टूडेंट को प्रवेश नहीं मिल पाया है, उन्हें संध्याकालीन कक्षाओं की सुविधा दी जाए। दिवाकर सिंह, आदित्य शर्मा, विशाल चौधरी, मोनिका शर्मा आदि मौजूद रहे।