सूचना क्रांति ने बदली जीवन शैली: डीएम
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में पिछले एक दशक में जो क्रांति आई उसका प्रभाव स्पष्ट दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि आज कंप्यूटर के एक छोटे से पुश बटन को दबा कर विश्व के किसी भी कोने में संपर्क कायम किया जा सकता है। इंटरनेट वेबसाइट आदि के द्वारा त्वरित गति से संदेशों का आदान प्रदान होता है।
जिला कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी पंडाल में एनआईसी जिला इकाई एवं जिला विज्ञान क्लब द्वारा आयोजित सूचना एवं प्रौद्योगिकी के कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी सूचना प्रौद्योगिकी से नवीन क्रांति आई है। नवीन अनुसंधानों, नवीनतम यंत्रो आदि के संचालन एवं विकास में सूचना प्रौद्योगिकी का विशेष योगदान है। विश्व के साफ्टवेयर उद्योग में भारत का योगदान तेजी से बढा है। सूचना प्रौद्योगिकी सेवा अर्थतंत्र का आधार है। सूचना क्रांति ने गांवों को मुख्य धारा से जोड़ दिया है और शहर और गांवों के फासले को कम किया है। गोष्ठी को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ नरेंद्र कुमार तनेजा, एससी कुलश्रेष्ठ, डॉ एसएन चौहान, डॉ एसके मिश्रा, प्रशांत मित्तल, वरिष्ठ तकनीकी निदेशक एनआईसी दिल्ली संजय सिंह ने विचार रखे। संचालन प्रवक्ता अजय पाल ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी गौरव त्यागी, डॉ विकास कुमार, रमेश शर्मा आदि रहे।