खतौली। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसा गया। परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने बिजली की लाइन हटवाने की मांग को लेकर बिजलीघर पर हंगामा किया।
मोहल्ला जमशेद कालोनी निवासी इस्लामूद्दीन के मकान के ऊपर से 11 हजार की विद्युत लाइन गुजर रही है। तार पूरी तरह से नीचे की ओर झुक रहे हैं। तारों के नीचे झुकने से मकान से टच हो गए हैं। शुक्रवार की सुबह इस्लामूद्दीन छत पर किसी काम से गया। छत पर तारों की चपेट में आने इस्लामूद्दीन झुलस गया। परिजनों ने घायल को नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। जहां पर उसका इलाज चल रहा है। इस घटना को लेकर परिजन व मोहल्ले के लोग एकत्र होकर बिजलीघर पर पहुंचे। बिजलीघर पर लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। परिजनों का कहना था कि इस्लामूद्दीन ने दो दिन पूर्व बिजलीघर पर एसडीओ को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर नीचे लटके तारों को खिंचवाने की मांग की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा करने वाले लोगों को समझा बुझाकर शांत किया।
करंट लगने से लाइनमैन झुलसा
खतौली। रतनपुरी के गांव टोड़ा में विद्युत लाइन ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन झुलस गया। गंभीर हालत में लाइनमैन को मेरठ रेफर किया गया है। गांव टोड़ा निवासी सलीम पुत्र इलियास बिजलीघर पर प्राइवेट लाइनमैन है। शुक्रवार वह गांव में ही बिजली की लाइन को ठीक कर रहा था। करंट लगने से सलीम झुलस गया। परिजन घायल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने गंभीर अवस्था में झुलसे लाइनमैन को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।