कप्तान से कार्रवाई की मांग
पुरकाजी। थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर थाने के एक दरोगा पर अपशब्द कहने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम मांडला निवासी पीड़ित इलियास ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 15 मई को पुरकाजी थाने में तैनात दरोगा शैलेंद्र सिंह पुलिस कर्मियों के साथ उसके घर गया और कहा कि तुम्हारे खिलाफ सिंथेटिक दूध बनाने की शिकायत मिली है। मेरे द्वारा शिकायत को झूठी बताने पर दरोगा ने गालीगलौज कर अपशब्द कहते हुए मेरे पुत्र क्षेत्र पंचायत सदस्य खुर्शीद को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर थाने ले आए। इस पर गांव के प्रधान सुरेश कुमार सहित कुछ लोगों को लेकर थाने पहुंचा और इंस्पेक्टर से मिलकर राजनैतिक आधार पर झूठे मामले में थाने लाने की बात कही, तो इंस्पेक्टर ने दरोगा को बुलाकर मामले की जानकारी की। ।इस संबंध में सीओ सदर रिजवान अहमद से जानकारी की गई, तो उनका कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।