यूपी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिले में 85.81 करोड़ रुपये की 65 योजनाओं का लोकार्पण और 21 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र को सीधे मिले, सरकार का यही प्रयास है।
जिला पंचायत सभागार के प्रांगण में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न गांवों में राजकीय इंटर कॉलेज, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक अस्पतालों में कक्ष के अलावा सड़क निर्माण की योजनाओं के शिलापट्ट का फीता काटकर लोकार्पण और शिलान्यास किया। डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवकुमार यादव ने यूपी के इतिहास के बारे में बताया। कहा कि देश की आजादी के बाद से आज तक अधिकतम प्रधानमंत्री इसी प्रदेश से चुने गए हैं। दुनिया में बहुत से देशों से ज्यादा यूपी की जनसंख्या है, जो लगभग 20 करोड़ है। भगवान राम, श्रीकृष्ण, तथागत गौतम बुद्ध की पावन भूमि है। गंगा-जमुना का पावन संगम है। सांसद डॉ संजीव बालियान, सांसद भारतेंद्र सिंह, विधायक कपिलदेव अग्रवाल, उमेश मलिक, विजय कश्यप, विक्रम सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल ने विचार व्यक्त किए। डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि जनहित की योजनाओं का लाभ पात्र को सीधे मिले, सरकार का यही प्रयास है। प्रशासन के समस्त अधिकारी इसी कार्य में लगे हैं। जनप्रतिनिधियों की जो अपेक्षा है, उन पर खरा उतरने का काम करेंगे। यह भी बताया कि मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले की पहचान एक उद्योग से करने को लेकर योजना चला रहे हैं। जिले में बच्चों के रेडीमेड कपड़ों का बड़ा काम है, इस उद्योग से जिले को पहचान मिल सकती है। सीडीओ अंकित अग्रवाल, एडीएम प्रशासन हरीश चंद, एसई विद्युत नगर एके आत्रेय, एसई विद्युत दीपक अग्रवाल, एक्सईन सोमदत्त शर्मा, लोनिवि के देवेश शर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरतलाल, डीपीआरओ आदि मौजूद रहे। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डीएम जीएस प्रियदर्शी, सहित तमाम विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में
जिन योजनाओं का लोकार्पण किया गया, उनमें अधिकतम सड़क निर्माण की हैं। जिन योजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें विभिन्न आदि हैं।
विकास में जिले को अव्वल बनाएं
सांसद डॉ संजीव बालियान ने कहा कि यूपी देश का बड़ा प्रदेश है, इसका हमें गर्व है। मगर, हम यूपी के एक कोने में हैं। राजधानी और हाईकोर्ट हमसे दूर हैं, इसका कष्ट है। पश्चिम विकास में पिछड़ जाता है, जबकि सबसे अधिक राजस्व हम देते हैं। यूपी दिवस पर हम यह संकल्प लें कि अपने जिले को विकास में पूरे प्रदेश में सबसे ऊपर ले जाएंगे।
धर्म-जाति से ऊपर उठकर करें विकास मुजफ्फरनगर।
बिजनौर सांसद भारतेंद्र सिंह की पीड़ा भी छलक उठी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में हम अपने गोद लिए आदर्श गांवों में विकास नहीं करा पाए। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ आम आदमी तक नहीं पहुंचा। उन्होंने प्रशासन द्वारा जिले को ओडीएफ करने पर भी सवाल उठाया। मुद्रा योजना में बैंकों पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्य धर्म-जाति से ऊपर उठकर होने चाहिए। पीएम आवास में सभी पात्रों को लाभ मिले।
अब रंगदारी तो नहीं देनी पड़ रही
खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि यूपी सरकार में बदमाशों का सफाया हो रहा है। उन्होंने अपने देशी अंदाज में कहा कि हमारा एसएसपी बदमाशों की खोपड़ी फोड़ रहा है और घुटने तोड़ रहा है। जब मैं जेल में बंद था तो देखता था कि जेल से ही रंगदारी के फोन होते थे। हमारी सरकार में व्यापारियों से वसूली नहीं होती। व्यापारियों को जीएसटी से दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के पांच विधायक हर समय जनता के बीच में रहते हैं। बस एक ही विधायक है, जो हवा में रहता है। हेलीकॉप्टर में उड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी जनसेवक हैं, यदि जनता का काम नहीं करेंगे तो जिले में नहीं रहेंगे।