राजस्थान सस्ते में सिमटी, विदर्भ के गिरे दो विकेट
मुजफ्फरनगर। राजसिंह डूंगर ट्राफी का आखिरी मैच के पहले दिन राजस्थान की टीम सस्ते में सिमट गई। राजस्थान टीम के बल्लेबाज एक के बाद एक पवैलियन लौट गए। पूरी टीम 65 ओवर में 181 रन पर ढेर हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन की टीम की शुरुआत भी खराब रही। टीम को ओपनर बल्लेबाज के रुप में पहला झटका लगा। हालांकि रोशनी कम होने के कारण मुकाबले को बीच में रोकना पड़ा। तब तक विदर्भ की टीम 22 ओवर में 2 विकेट गवांकर 19 रन बना चुकी थी।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान टीम के ओपनर बल्लेबाज करण सिंह ने अच्छा प्रदर्शन किया। करन ने 97 गेदों का सामना कर 53 रन बनाए। इसके अलावा अन्य कोई बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर सका। एक के बाद एक विकेट गिरते गए। राजस्थान की टीम ने 65.4 ओवर का सामना किया, जिसमें पूरी टीम बिखर गई। टीम ने कड़ी जद्दोजहद कर 181 रन बनाए। विदर्भ टीम के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों को क्रीज पर नहीं टिकने दिया। राजस्थान टीम के जांगिड़ ने 20, सुमित ने 22, सचिन यादव ने 21 रनों का योगदान दिया। जबकि विदर्भ के गेंदबाज श्रेयाश जोशी ने 13 ओवर फेंक कर 2 विकेट, सिद्धांत ने 11.4 ओवर में 2 विकेट, अशित सिंह ने 11 ओवर में तीन मेडेन डाले, जबकि 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को सस्ते में समेटने में मुख्य भूमिका निभाई। इनके अलावा यशराज, वरुण और दानिश को एक-एक विकेट मिला है। ब्रेक के बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन की टीम शुरुआत भी खराब रही। ओपनर बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए। ओपनर सिद्धांत मूले ने 47 गेंदों का सामना किया। सिद्धांत को राजस्थान के गेंदबाज सचिन ने जयेश के हाथों कैच कराकर आउट किया। इसके बाद नील हेथली को गेंदबाज उस्मान ने आउट कर पवेलियन भेज दिया। मैच में मौसम बाधा बन गया। रोशनी कम होने के कारण करीब पांच बजे मैच को रोक दिया गया। पहले दिन विदर्भ की टीम ने 2 विकेट खोकर 19 रन बना लिए हैं।