बाइकों की टक्कर में घायल हुए युवक की दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के भाई ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कराया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के सांझक निवासी राहिल बताया कि 21 जुलाई को शहर में उसके चचेरे भाई मजाहिर की बाइक में एक बाइक सवार चालक ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। घायल को उपचार के लिए दिल्ली भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चोरी की कार समेत दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने चोरी की कार समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हुसैन अहमद निवासी मोहल्ला लद्दावाला को चुंगी नम्बर-2 के पास से गिरफ्तार किया। हुसैन के कब्जे से चोरी की एक कार बरामद की गई। पुलिस ने उसका चालान कर दिया।
विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी
मुजफ्फरनगर। नईमंडी के ग्राम कूकड़ा निवासी साजिद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह काम की तलाश कर रहा था, इसी दौरान उसकी मुलाकात जागीर उर्फ जग्गू निवासी मल्लूपुरा से उसकी मुलाकात हुई। जग्गू ने उसे दुबई में नौकरी लगवाने की बात कही। आरोपी ने पीड़ित से एक लाख 30 हजार रुपये ले लिए और उसे धोखाधड़ी से टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया, जहां वह तीन माह तक बेरोजगार रहा। वहां से लौटने के बाद पीड़ित ने आरोपी से अपने रुपये मांगे, तो वह टाल-मटौल करता रहा। अब वह देख लेने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
छात्र लापता
मुजफ्फरनगर। नईमंडी के मोहल्ला शांतिनगर निवासी सुरेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसका पुत्र हिमांशु बाइक से मंगलवार को कालेज में मार्कशीट लेने के लिए गया था, लेकिन वह लौटकर नहीं आया। उसका फोन बंद आ रहा है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मंगेतर के खिलाफ तहरीर दी
मुजफ्फरनगर। मेरठ के बेगमबाग निवासी एक युवती की शादी नईमंडी थाना क्षेत्र के अलमासपुर निवासी एक युवक के साथ नवरात्रों में तय हुई थी। इसी दौरान युवती की शादी रेलवे में लग गई। इस दौरान युवती को पता चला कि उसके मंगेतर का अफेयर एक युवती के साथ चल रहा है। युवती ने अपने मंगेतर से इस विषय में बात की, तो उसने कहा कि वह दोनों से शादी कर लेगा। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर मंगेतर के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
लोन लेकर रकम हड़पी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मखियाली के प्रबंधक प्रमोद बंसल ने तहरीर में बताया कि कंदरपुर निवासी राजेंद्र ने उनके बैंक से ट्रैक्टर खरीदने के लिए पांच लाख रुपये का लोन लिया था। आरोप है कि आरोपी ने ट्रैक्टर खरीदने के बजाए फर्जी बिल बैंक को दे दिए और ट्रैक्टर नहीं खरीदा। प्रबंधक ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।