23 करोड़ में बनेगी 44 किलोमीटर सड़क
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने मंगलवार को जिले में 44 किलोमीटर लंबी पांच सड़कों का शिलान्यास किया। सड़कों के निर्माण में 23 करोड़ चार लाख रुपये की लागत आएगी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों का निर्माण किया जाना है।
चरथावल नहर पर लगभग 13 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाना है। इसमें 6 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत आएगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मंजूर हुए मार्ग को ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने कार्य शुरू करा दिया है। केंद्रीय राज्यमंत्री बालियान और विधायक विजय कश्यप आदि ने सड़क का शिलान्यास किया। मंत्री के निजी सचिव नवीन कुमार ने बताया कि इसके अलावा जसोई से चरथावल मार्ग साढ़े आठ किलोमीटर को चार करोड़ 44 लाख रुपये में बनाया जाना है। बघरा से कुटबा मार्ग के 6.75 किलोमीटर मार्ग को तीन करोड़ 52 लाख की लागत से बनाया जाएगा। बसी कला से कुटबा मार्ग के पांच किलोमीटर के रास्ते को दो करोड़ 68 लाख में बनाया जाएगा। भैंसी से मकसूदाबाद मार्ग 11 किलोमीटर को पांच करोड़ 60 लाख में बनाया जाना है। मंत्री ने मंगलवार को सभी मार्गों का शिलान्यास किया है। इस दौरान बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक, खतौली विधायक विक्रम सैनी आदि भी मौजूद रहे।