एलआईसी एजेंट के पति से 30 हजार की लूट
खतौली। मेरठ रोड पर एलआईसी कार्यालय के बाहर खड़े एजेंट के पति से बाइक सवार दो बदमाशों ने नकदी भरा बैग लूट लिया। सीओ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांच उमरपुर लिसोढ़ा निवासी नरेंद्र कुमार की पत्नी पूनम देवी एलआईसी एजेंट हैं, जिसका काम नरेंद्र देखता है। मंगलवार को वह पॉलिसी की रकम जमा कराने मेरठ रोड स्थित एलआईसी कार्यालय पर आया था। रकम जमा कराकर जैसे ही वह एलआईसी ऑफिस के बाहर आया, वहां बाइक पर पहुंचे दो बदमाशों ने उससे बैग लूट लिया और धमकी देते हुए मेरठ की तरफ फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। सूचना पर सीओ आशीष प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर एचएन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की। लुटेरों की तलाश में भंगेला चेकपोस्ट पर चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा। पीड़ित नरेंद्र के अनुसार लूटे गए बैग में एलआईसी से संबंधित कागजात, बाइक के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही 30 हजार रुपये भी थे, जो उसने कुछ देर पहले ही पीएनबी बैंक की शाखा भूड़ से निकाली थी। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है, जिसके आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। सीओ आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-