फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Muzaffarnagar News: नए साल की ट्रेन में उम्मीद के 26 डिब्बे

विज्ञापन
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। स्वागत है...2026। उम्मीद की नई सुबह। नए संकल्प लेने का दिन। अतीत को पीछे छोड़कर नई डगर पर बढ़ने का समय। सियासत में लखनऊ और दिल्ली तक अपना वजूद रखने वाले मुजफ्फरनगर के लोगों को इस साल आम जनजीवन और बेहतर होने का भरोसा है। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो सुधार हुआ, इस साल 26 कदम और आगे बढ़ने का विश्वास है। शासन की योजनाओं का लाभ धरातल पर पात्रों तक पहुंच जाए तो आधी राह आसान हो जाएगी। ब्यूरो
विज्ञापन


लाइफलाइन बनेगा वहलना जंक्शन
एनएचएआई ने वहलना में जंक्शन बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली-दून हाईवे के अलावा पीनना बाईपास से बड़ौत मार्ग और पानीपत-खटीमा हाईवे जुड़ेगा। जाम पर नियंत्रण होगा और हादसों की संख्या में कमी आएगी।
-
मोरना मिल के दोहरीकरण की उम्मीद
सहकारी क्षेत्र की चीनी मिल मोरना के दोहरीकरण की प्रक्रिया इस साल पूरी होने की उम्मीद है। प्रशासन ने दोहरीकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि बार-बार किसानों को आश्वस्त भी करते रहे हैं।
विज्ञापन

-
मोती झील तक आएंगे पर्यटक
शामली रोड पर प्रशासन ने मोती झील का विकास कराने की प्रक्रिया शुरू की है। यहां सुंदरीकरण कराया गया। पालिका ने इसके लिए सफाई अभियान चलाया था। उम्मीद है कि इस साल शेष कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।
-
बाईपास का निर्माण होगा पूरा
पीनना से रामपुर तिराहा तक जाने वाले बाईपास का निर्माण इस साल पूरा होने की उम्मीद है। इससे शहर पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। हरिद्वार और देहरादून जाने वाले वाहनों को शहर के बजाए पीनना से ही रामुपर तिराहा निकाला जा सकेगा।

पुरकाजी को मिले तहसील का दर्जा
पुरकाजी क्षेत्र के लोगों की मांग है कि कस्बे को तहसील का दर्जा मिलना चाहिए। खादर के गांव जिला मुख्यालय से दूर है और आवागमन में परेशानी होती है। तहसील सदर से अलग कर कस्बे को तहसील बनाने की मांग चल रही है।

बिलासपुर में बनेगा अंडरपास
दिल्ली-दून हाईवे पर बिलासपुर में आए दिन हादसे होते रहते हैं। इस साल यहां अंडरपास बनने की उम्मीद है, जिससे लोगों का आवागमन आसान होगा। हादसों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। एनएचएआई ने सर्वे करा लिया है।

प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति

गंगा एक्सप्रेस-वे को जिले से गुजारने की योजना पर काम चल रहा है। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मांग रखी थी कि शुकतीर्थ से होकर यह एक्सप्रेस-वे गुजरना चाहिए। उम्मीद है कि इस योजना पर नए साल में कार्य आगे बढ़ेगा।

शहर में बननी चाहिए पार्किंग
शहर में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मुख्य बाजारों के आसपास वाहन खड़े होने की व्यवस्था नहीं है। लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। पालिका ने इस साल पार्किंग बनाने की योजना बनाई है।

दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे पर दौड़ेंगे वाहन
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर इस साल वाहन दौड़ने की संभावना है। जिले में बुढ़ाना क्षेत्र से यह एक्सप्रेस-वे गुजरता है। लोगों को उम्मीद है कि मेरठ-करनाल हाईवे पर कट से जिले के लोगों को भी आवागमन में आसानी होगी।

व्यावसायिक स्टेशनों को मिलेगी मंजूरी
फ्रेट कॉरिडोर पर इस साल जिले के स्टेशनों को व्यावसायिक कोड मिलने की उम्मीद है। न्यू मंसूरपुर, न्यू खतौली और न्यू मुजफ्फरनगर के प्रस्ताव भेजे गए हैं। उम्मीद है कि इस साल उद्यमियों को कॉरिडोर का लाभ मिलेगा।

रहकड़ा में इस साल बनेगी नई जेल
जिला कारागार में 950 बंदियों को रखने की क्षमता है। जबकि यहां 2250 बंदी रखे गए हैं। भोपा रोड पर गांव रहकड़ा के जंगल में नई जेल बनाने की प्रक्रिया चल रही है। 80 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण के मामले का 2026 में समाधान होने की उम्मीद है।
-
बनेंगे दमकल विभाग के दो कार्यालय
दमकल विभाग का कार्यालय शहर के बीच झांसी रानी चौक के पास है। इस साल नया कार्यालय सहावली के जंगल में 4100 वर्ग गज जमीन चिह्नित की है। खतौली के गांव सठेडी में भी 3600 वर्ग गज जमीन पर भी एक नया कार्यालय बनेगा।
-
ट्रांसपोर्ट नगर में बनेगा रोडवेज बस अड्डा
एसडी तिराहे के पास रोडवेज बस अड्डे से ढ़ाई सौ ज्यादा बसों का संचालन होता है। परिवहन निगम ने शहर से बाहर दिल्ली दून हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर में नया सेटेलाइट बस अड्डा बनाने के लिए 146 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की है।


कानून व्यवस्था के लिए दो नए थाने

जिले में इस साल दो नए थाने बनाए जाएंगे। भोपा क्षेत्र के शुकतीर्थ व बुढ़ाना कोतवाली की चौकी बायवाला को नया थाना बनाने के लिए प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। शुकतीर्थ व खतौली में नदी व नहर किनारे चौकी प्रस्तावित है।



पर्यटकों को लुभाएंगे नौ वेटलैंड
वन विभाग गंगा किनारे दस किमी के क्षेत्र में नौ स्थानों पर वेटलैंड बनाएगा। गांव खाईखेड़ा, चौरावाला, मंसूरपुर झील, महमूदपुर, इशाकवाला, रहड़वा जदीद, लालपुर, शाहपुर, कालेवाला झील क्षेत्र को शामिल किया गया है।
-
सीएम मॉडल और अभ्युदय विद्यालय
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए राजपुर गांव में सीएम मॉडल आवासीय विद्यालय और खांजापुर का अभ्युदय विद्यालय इसी योजना के साथ शुरू होगा। यहां नए शैक्षिक सत्र की कक्षाएं संचालित करने की तैयारी है।


डिजिटल लाइब्रेरी के पाठकों की ऑनलाइन हाजिरी
महावीर चौक स्थित राजकीय पुस्तकालय में वर्ष 2026 में सुविधाएं बढ़ने जा रही है। डिजिटल लाइब्रेरी तैयार है, वाचनालय में आ रहे पाठकों को सीधे लखनऊ मुख्यालय से जोड़ने की तैयारी है। चिप की सुविधा से लैस नए आईकार्ड बनाए जाएंगे। ऑनलाइन उपस्थिति से रिकाॅर्ड लखनऊ मुख्यालय में रहेगा।
-
126 परिषदीय विद्यालयों में शुरू होंगी स्मार्ट कक्षाएं
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि नए सत्र में 126 स्कूलों में स्मार्ट कक्षाओं का संचालन होगा। स्मार्ट कक्षाओं को रफ्तार देने के लिए वाइफाई कनेक्शन भी लगाए जांएगे। कस्तूरबा गांधी बालिका आवसीय विद्यालय में कंप्यूटर कक्षाएं संचालित की जाएगी।

-
राजकीय विद्यालयों को किया जाएगा उच्चीकृत
डीआईओएस राजेश कुमार श्रीवास ने बताया कि चार राजकीय विद्यालयों को उच्चीकृत करने के साथ एक नया राजकीय विद्यालय मखियाली के चांदपुर गांव में शुरू किया जाएगा। यह पांच करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है।
-

डायट का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शोध को देगा बढ़ावा

सरकुलर रोड पर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तैयार हो रहा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस शिक्षण तकनीक पर शोध के नए प्रतिमान स्थापित करेगा। प्राचार्य विश्वदीपक त्रिपाठी ने बताया कि एससीईआरटी का पूरा बल डायट स्तर पर शिक्षण प्रक्रिया को गतिविधि आधारित बनाना है।
-
शहर को मिलेगा नया ऑडिटोरियम
नए साल में शहर को 800 लोगों की क्षमता वाला ऑडिटोरियम मिलने की उम्मीद है। राजकीय इंटर कॉलेज में जगह चिन्हित की गई है। इसके अलावा शेरनगर, धंधेड़ा और बिलासपुर की 280 हेक्टेयर भूमि में कॉलोनी विकसित होगी।
-
ट्रामा सेंटर शुरू होने की उम्मीद
खतौली स्थित ट्रामा सेंटर का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। यहां ऑर्थोपेडिक सर्जन, एनेस्थेटिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ तैनात किए जाएंगे। लंबे समय से भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

बर्न यूनिट का पूरा होगा काम
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की प्रक्रिया चल रही है। स्वामी कल्याण देव जिला अस्पताल में इस साल बर्न यूनिट का संचालन होगा। अभी तक लोगों को हायर सेंटर के लिए रेफर करना पड़ता है।

पुरकाजी में औद्योगिक गलियारे का प्रस्ताव
जनपद के पुरकाजी क्षेत्र में नया औद्योगिक गलियारा स्थापित होगा। स्मार्ट सिटी के रूप में औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा । यहां अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था होगी।

पर्यटन के नक्शे पर चमकेगा शुकतीर्थ
शुकतीर्थ विकास परिषद का गठन हो चुका है। तीर्थ में विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। उम्मीद है इस साल यहां परिवहन की बेहतर व्यवस्था होगा। पर्यटन के नक्शे पर भी तीर्थ चमक उठेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें