मुजफ्फरनगर। कई दिनों से उमस भरी गरमी से हाल बेहाल लोगों को शनिवार शाम को बरसात होने से राहत मिली। शाम को एक घंटे तक शहर में झमाझम पानी बरसा। बारिश का लोगों ने जमकर आनंद उठाया। बच्चों से लेकर बड़े तक बरसात में खूब भीगे, ताकि गरमी से निजात मिल सके। काफी बरसात होने पर शिव चौक समेत शहर के कई इलाकों में जल भराव हो गया।
बीते एक सप्ताह से बरसात नहीं होने से लोगों का उमस भरी गरमी से हाल बेहाल था। पिछले तीन दिनों से आसमान में बादल छाए रहे, मगर बरसात नहीं हुई। हल्दी बूंदाबांदी होने से उमर भरी गरमी और बढ़ गई। शनिवार सुबह भी बादल छाए रहे। दोपहर में तेज धूप भी निकली। शाम को मौसम ने राहत दी। करीब पौने चार बजे से पांच बजे तक जमकर पानी बरसा।
झमाझम बारिश होने से भीषण गरमी से राहत मिली। लगातार तेज बरसात होने पर शहर की तमाम सड़कें, मुख्य चौराहे और गली-मोहल्ले जलमग्न हो गए। शहर में सीवर लाइन बिछाए जाने का कार्य चल रहा है, जिस कारण जगह-जगह गहरे गड्ढे खुदे पड़े हैं। जलभराव के कारण वाहन सवार इन गड्ढों में भी फंसे। शिव चौक, रुड़की रोड, एसडी मार्केट समेत अनेक स्थानों पर कई फुट पानी जमा हो गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। शहर में करीब सवा घंटे की बारिश 15 मिली मीटर आंकी गई।