संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। गर्मी का मौसम शुरू होते ही वायरल बुखार सहित उल्टी और दस्त के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में इन बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। रविवार को जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों पर दो हजार से अधिक रोगियों ने उपचार पाया। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं।
जिले के 42 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का आयोजन किया गया। आरोग्य मेलों में 2465 मरीजों ने अपना उपचार कराया। इनमें 998 पुरुष, 842 महिलाएं और 625 बच्चों ने परामर्श लिया। इनमें 290 मरीज त्वचा रोग और 440 मरीज बुखार पीड़ित रहे। उल्टी-दस्त एवं अन्य बीमारियों से पीड़ितों की संख्या भी 500 से अधिक रही। चिकित्सकों की ओर से सभी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई। बताया कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है। जिस कारण वायरल बुखार भी लोगों को घेर रहा है। गर्मी आने से संचारी रोगों के संक्रमण की भी आशंका है। आरोग्य मेले में मधुमेह, गैस्ट्रो, पेट दर्द, सिर सर्द, बदन दर्द, ब्लड प्रेशर आदि बीमारी से ग्रस्त मरीज भी पहुंचे।