मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना पुलिस ने नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार मेडिकल संचालक नगर की ए टू जेड काॅलोनी निवासी प्रवीण जैन व सप्लायर खादरवाला निवासी शाहवेज उर्फ शब्बन का चालान कर दिया।
उनके खिलाफ नशीली प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी का मामला दर्ज हुआ है। थाना पुलिस ने बताया कि रविवार रात में बाइक पर जाते दोनों आरोपियों को नगर पालिका मार्केट रेलवे रोड से गिरफ्तार किया था। उनके पास से 245 नशीली गोली तथा 480 नशीले कैप्सूल बरामद किए थे। जिनके बारे में बिल नही दिखाए जा सके थे। प्रवीण जैन की जिला परिषद मार्केट के सामने चेतन मेडिकल के नाम से दुकान है। दोनों आरोपी दवाइयों को बेचने के लिए लेकर जा रहे थे।
एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि एक आरोपी मेडिकल संचालक तो दूसरा नशीली दवाइयों का सप्लायर है। सप्लायर के खिलाफ सिविल लाइन व शहर कोतवाली में पूर्व में दो मामले दर्ज है।
जो दवाई बरामद हुई उन्हें डॉक्टर की सलाह पर ही किसी को बेचा जा सकता है। गिरफ्तारी दवाइयों के बारे में बिल भी नहीं दिखा सके। सिविल लाइन थाने में दोनोंं आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है।