बस की टक्कर से किसान घायल
मीरापुर। थाने के चौराहे के निकट दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर रोडवेज बस तथा भैंसा-बुग्गी की भिड़ंत में बुग्गी चालक किसान व उसका भैंसा घायल हो गया। दुर्घटना में बुग्गी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मीरापुर के मौहल्ला दक्षिणी मुश्तर्क निवासी किसान सुभाषचंद धीमान पुत्र ओम प्रकाश धीमान मंगलवार प्रात: करीब 6 बजे टिकौला चीनी मिल में गन्ना डालकर खाली बुग्गी लेकर अपने घेर की ओर जा रहा था। दिल्ली जा रही बिजनौर डिपो की रोडवेज बस ने भैंसा बुग्गी में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बुग्गी चालक किसान घायल हो गया। बस में सवार यात्री भी अन्य बसों से मेरठ की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल किसान को जानसठ प्राथमिक उपचार दिलाकर जिला चिकित्सालय भर्ती कराया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।