सोरम के युवकों के परिजन महाराष्ट्र रवाना
शाहपुर (मुजफ्फरनगर)। महाराष्ट्र के अहमदनगर कैंट एरिया में संदिग्ध हालात में पकड़े गए गांव सोरम के दोनों युवकों के परिजन रविवार सुबह महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए हैं।
महाराष्ट्र के जनपद अहमदनगर के कैंट एरिया में तीन दिन पूर्व एटीएस ने तीन युवकों को संदिग्ध हालात में घूमते हुए पकड़ा था। इनमें से दो युवकों की पहचान शाहपुर के गांव सोरम निवासी सोनू चौधरी पुत्र नियाज अली व रिजवान पुत्र एजाज अली के रूप में हुई थी। इनमें रिजवान के पिता एजाज अली आईटीबीपी में हेड कांस्टेबल थे, जो वर्ष 2016 में सेवानिवृत्त हुए थे। एजाज अली फिलहाल गांव में घर के बाहर ही परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि सोनू चौधरी के पिता नियाज अली डेयरी चलाते हैं। महाराष्ट्र एटीएस द्वारा युवकों के पकड़े जाने की सूचना उनके परिजनों को फोन से दी थी, जिसके बाद से उनके परिजन सकते में थे। शनिवार को अमर उजाला की टीम गांव सोरम पहुंची थी, जहां दोनों युवकों के परिजनों ने उन्हें बेकसूर बताते हुए उनके देशद्रोही होने पर सवालिया निशान खड़ा करते हुए किसी भी स्तर पर दोषी पाए जाने पर उनकी शक्ल तक नहीं देखने की बात कही थी। रविवार को दोनों युवकों के परिजन महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए हैं। दोनों युवकों के वेरीफिकेशन के संबंध में इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने बताया कि उनसे किसी ने भी इस संबंध में संपर्क नहीं किया है। यदि महाराष्ट्र एटीएस उनसे युवकों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी मांगती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।