पीर बाबा के मजार पर चादरें चढ़ाई
बुढ़ाना। गांव खेड़ामस्तान में पीर बाबा मस्तान शाह के मजार परिसर में तीन दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया। पहले दिन पीर बाबा के मजार पर प्रसाद व चादरें चढ़ाकर मन्नतें मांगने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने देश और अपने परिवार की खुशहाली की कामना भी की।
तहसील क्षेत्र के गांव खेड़ामस्तान की अपनी एक अलग पहचान है। गांव में पीर बाबा मस्तान शाह का मजार हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक है। पीर बाबा के मजार पर प्रसाद व चादर चढ़ाने का सिलसिला रविवार सुबह से जारी हो गया। खेड़ामस्तान के ग्रामीण शिवकुमार, महिपाल सिंह, डा.सतबीर मलिक, ऋषिपाल सिंह आदि का कहना है कि मस्तान शाह के मजार पर केवल हिंदू ही प्रसाद चढ़ाते हैं। गांव की परंपरा के अनुसार चूरमा, धूपबत्ती तथा सरसों के तेल का दीपक जलाकर मन्नतें मांगी जाती है। रविवार को पहले दिन चादर व प्रसाद चढ़ाने वालों का सिलसिला जारी रहा। मुफ्ती जुल्फिकार, सपा के प्रदेश सचिव राजीव बालियान, कपिल मलिक, अनुज बालियान आदि ने भी पीर बाबा के मजार पर चादर चढ़ाई। मजार के मुतवल्ली सिराजुद्दीन उर्फ मुसराज ने बताया कि मजार परिसर में मेला तथा प्रसाद व चादर चढ़ाने का सिलसिला तीन दिन तक जारी रहेगा।