जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता
मुजफ्फरनगर। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार सुबह जनपद में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस लाइन स्थित सभागार में मीडिया के समक्ष वार्ता में कप्तान ने कहा कि कानून व्यवस्था बरकरार रखना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। पूर्व एसएसपी अनंतदेव द्वारा जारी शांति व्यवस्था के क्रम को ही वे आगे बढ़ाएंगे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर बदला जाता रहेगा। उन्होंने आईपीएस अनंतदेव द्वारा स्थापित एस-7 व एस-10 व्यवस्था भी जारी रखने की बात कहते हुए चेतावनी दी कि अपराधी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वे 1989 बैच के पीपीएस हैं। वे जनपद मुजफ्फरनगर में सीओ सिटी रहे हैं। शामली, नोएडा, पीलीभीत, मुरादाबाद व हापुड़ में बतौर एडिशनल एसपी तैनात रहे। 2009 बैच में आईपीएस कैडर मिलने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग बतौर एसपी जनपद बलरामपुर और उसके बाद गोंडा, अंबेडकरनगर और अमरोहा रही है। मुजफ्फरनगर में एसएसपी के पद पर उनकी यह पांचवीं पोस्टिंग है।
बढ़ती छेड़खानी की घटना पर नहीं बोले कप्तान
मुजफ्फरनगर। छेड़खानी को लेकर जिले की संवेदनशीलता के बावजूद कप्तान सुधीर कुमार सिंह इसे लेकर एक शब्द तक नहीं बोले। यह आलम तब रहा, जबकि पांच साल पूर्व छेड़खानी को लेकर ही जिले में सांप्रदायिक हिंसा हो चुकी है। हाल ही में सरकुलर रोड की महिलाएं शहर क्षेत्र में छेड़खानी की बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल चुकी हैं और तितावी के गांव लडवा में बुधवार को ही बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर गोली चलाई जा चुकी है।