नागरिकों का नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन
खतौली। रक्षाबंधन के पर्व पर सफाई न होने से नाराज बिद्दीबाड़ा के नागरिकों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। नागरिकों ने बताया कि शिकायत के बाद भी पालिका कर्मचारी मोहल्ले में सफाई करने नहीं आए।
रक्षाबंधन के पर्व पर नगर के मुख्य बाजार बिद्दीबाड़ा में सफाई न होने से नागरिकों में बेहद रोष व्याप्त है। नागरिकों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। मोहल्लावासी अमित जैन ने बताया कि सफाई कराने को लेकर कई बार पालिका अधिकारियों से शिकायत की गई। इसके बाद भी कोई कर्मचारी सफाई के लिए नहीं पहुंचा, जिससे मेन बाजार में कई स्थानों पर गंदगी के ढेर लग गए। उधर, पालिका सफाई निरीक्षक शैशिल मलिक ने बताया कि सफाई के लिए कर्मचारियों को भेजा गया था, मगर रक्षाबंधन होने की वजह से उन्हें मोहल्ले में जाने में समय लग गया था। बाद में सफाई करा दी गई थी। प्रदर्शनकारियों में पंकज जैन, अमित जैन, पुलकित जैन, संजय शर्मा, कृष्ण कुमार, विजय वर्मा, संजय कुमार, रोहित सिंघल आदि शामिल रहे।