भाजपा से हर वर्ग के लोग परेशान : कादिर राना
भोपा। पूर्व सांसद कादिर राना ने कहा कि भाजपा से हर वर्ग के लोग तंग आ चुके हैं। परेशान लोग व मंदी से जूझ रहे व्यापारी अब बसपा की तरफ आस भरी नजरों से देख रहे हैं, इसलिए कार्यकर्ता अभी से 2019 चुनाव की तैयारियों में लग जाएं।
मंगलवार को कस्बे में अंसारी समाज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कादिर राना ने कहा कि अंसारी समाज के युवाओं को समाज के उत्थान के लिए आगे आना चाहिए। जिस समाज का युवा जागरूक होता है, वह समाज हमेशा तरक्की करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से विफल रही है, इसलिए जनता अब बसपा को पुकार रही है। पूर्व सांसद ने ऑल इंडिया मोमिन कांफ्रेंस के जिला सदर चुने गए रियासत अली का स्वागत किया। शहजाद अंसारी के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधान शाहनजर अंसारी, प्रधान अशोक गादला, बसपा नेता सतीश कुमार, जाकिर बेहड़ा थ्रू, अजब सिंह प्रधान, चांद मियां व सरदार मनमोहन सिंह मौजूद रहे।
डीएम-एसएसपी ने लिया कांवड़ मार्ग का जायजा
भोपा। डीएम राजीव शर्मा व एसएसपी अनंत देव ने मंगलवार को भोपा गंगनहर पुल पर पहुंचकर कांवड़ यात्रा मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस गश्त के साथ ही कांवड़ मार्ग की समस्त ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी ली। सिंचाई विभाग के जेई अशरफ अली को गंगनहर पर रस्सा व ट्यूब की व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने थाना प्रभारी बीपी सिंह को ड्यूटी से नदारद मिलने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के भी आदेश दिए।
कांवड़ियों का आगमन शुरू
भोपा। गंगनहर पटरी मार्ग पर इस साल हर वर्ष की अपेक्षा कांवड़ियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इसके चलते इस साल कांवड़िय़ों की संख्या अधिक रहने की संभावनाएं जताई जा रहीं हैं। हालांकि अब तक गंगनहर कांवड़ यात्रा मार्ग पर राजस्थान के शिवभक्त ही अधिक पहुंचे हैं। निरगाजनी पनचक्की पर लगे सेवार्थ शिविर में प्रधान मेनपाल, राजीव चेयरमैन, योगेश सिवाच, ओम महाराज, प्रमोद लाला, संसार सिंह, नरेश प्रधान, मनोज, पवन, पप्पू, डॉक्टर हाशिम रजा, डॉक्टर झबर सिंह और स्वास्थ्य सेवा प्रभारी डॉक्टर सतीश सैनी समेत अन्य लोग कांवड़िय़ों की सेवा में लगे हुए हैं।