छापे के विरोध में व्यापारियों ने खाद्य विभाग की टीम को घेरा
पुरकाजी। कस्बे में सोमवार को खाद्य विभाग के छापे से हड़कंप मच गया। मिठाई, परचून और खाद्य सामग्री की दुकानें बंद हो गई। टीम ने मेन बाजार में खुली मिली एक परचून की दुकान से बेसन का सैंपल लेकर उसे सील कर दिया। इस कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों ने खाद्य विभाग की टीम का घेराव कर हंगामा किया।
सोमवार दोपहर खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग की टीम कस्बे में पहुंची। इसकी जानकारी मिलते ही मेन बाजार, हाईवे और खादर तिराहे पर दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिर गए। टीम ने मेन बाजार में सुनील कुमार की दुकान पर पहुंच कर वहां से बेसन का सैंपल लेकर उसे सील कर लिया। इसके उपरांत टीम बाजार में गई। दुकानों के बंद मिलने पर टीम लौट आई। टीम इंचार्ज खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि कस्बे के कई व्यापारियों की दुकानों से सैंपल लेने थे, मगर दुकानें बंद होने के कारण कार्रवाई अधूरी रह गई है। टीम सैंपल लेकर जैसे ही लौट रही थी, तो व्यापारी हाइवे पर पहुंच गए। सैंपल लेने का विरोध कर टीम को घेरकर जमकर खरी खोटी सुनानी शुरू कर दी। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि टीम ने सैंपल लेते वक्त व्यापार मंडल के लोगों को विश्वास में नहीं लिया। इस दौरान व्यापारी के रुख को देखते हुए टीम थाने पहुंच गई। इस पर व्यापारी भी थाने पहुंच गए। टीम इंचार्ज का सख्त रुख देखकर व्यापारी कार्रवाई के डर से बैकफुट पर आ गए और टीम की मनुहार शुरू कर दी। इस दौरान इंस्पेक्टर विजय सिंह ने व्यापारियों को सरकारी कार्य में बाधा न डालने की नसीहत देते हुए संयम बरतने की अपील की। दोनों पक्षों को समझाकर वापस भेज दिया। इस दौरान व्यापारी नेता निर्दोष जैन, कपिल मित्तल, मणीकांत गोयल, संजय शर्मा, सुशील वर्मा, अनूप गोयल आदि व्यापारी मौजूद रहे। टीम में डॉ. विकास कुमार, डा अनिल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।