पुलिस ने दर्ज कराई रिपोर्ट, माना निसार लाया था विस्फोटक
मुजफ्फरनगर। चार लोगों की जान लेने वाले सरवट के विस्फोट प्रकरण में पुलिस ने अपनी तरफ से कबाड़ी निसार व मकान मालिक नवाजिश के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। उक्त दोनों आरोपियों की ही विस्फोट में मौत हो चुकी है
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरवट में कबाड़ी की दुकान में हुए विस्फोट प्रकरण में आखिरकार देर रात एफआईआर दर्ज कर ली गई है। घटना को लेकर किसी भी पक्ष से कोई तहरीर शाम तक पुलिस को नहीं मिली, जिसके चलते अफसरों के आदेश पर पुलिस द्वारा अपनी तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि मामले में कबाड़ी निसार के साथ ही मकान मालिक नवाजिश के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इसमें 3/4 विस्फोटक अधिनियम, धारा-286, धारा-338 व धारा-304 ए के तहत दोनों को आरोपी बनाया गया है। सूत्रों के अनुसार, निसार ने करीब दो माह पूर्व नवाजिश के मकान के बाहर पड़ी दो दुकानों को किराए पर लेकर कबाड़ का काम शुरू किया था, जिसमें अप्रत्यक्ष तौर पर नवाजिश का बेटा भी साझीदार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच में विस्फोटक को कबाड़ी निसार द्वारा ही दुकान में लाकर रखे जाने की जानकारी मिली है, जिसे वह सोमवार सुबह मकान मालिक नवाजिश के कहने पर हथौड़े से तोड़ रहा था, जो विस्फोट का कारक रहा। चूंकि उक्त दोनों आरोपियों की ही विस्फोट में मौत हो चुकी है, ऐसे में यह जांच करना टेढ़ी खीर होगा कि आखिरकार चार लोगों की जान लेने वाले उक्त विस्फोटक को आरोपी कहां से और कैसे लाया था।
बॉक्स ..........
एटीएस करेगी विस्फोट प्रकरण की जांच
मुजफ्फरनगर। गांव सरवट में कबाड़ी की दुकान में हुए विस्फोट प्रकरण में पुलिस ने अपनी तरफ से एफआईआर दर्ज तो कर ली है, लेकिन आला अफसरों के आदेश पर हाईप्रोफाइल मामले की जांच एटीएस को सौंप दी गई है। एसएसपी अनंतदेव तिवारी ने बताया कि सरवट विस्फोट कांड की जांच एटीएस को सौंपी गई है।
बॉक्स ........
देर रात में आ सकती है आर्मी की टीम
मुजफ्फरनगर। सरवट विस्फोट कांड की जांच करने के लिए, जहां सहारनपुर से एफएसएल, बम डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमों ने जनपद में आकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, एसएसपी अनंत देव ने बताया कि उन्होंने मामले में आर्मी के सब एरिया कमांडर से बात कर बम निरोधक दस्ता भेजे जाने की मांग की थी, जो देर रात तक यहां आ सकता है।