गन्ना सर्वे की सच्चाई को परखा
मुजफ्फरनगर। गन्ना सर्वेक्षण कार्य की जांच के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी केके सिंह ने जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर गन्ना सर्वे की सच्चाई को परखा। किसानों से बात की और मौके पर जमीन की जांच भी कराई।
प्रदेश के गन्ना एवं चीनी आयुक्त के निर्देश पर लखनऊ में वित्त नियंत्रक कार्यालय में तैनात केके सिंह को जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। गन्ना सर्वे में फर्जीवाड़े की धरातल स्तर पर जांच चल रही है। गन्ना सर्वेक्षण कार्य की जांच को वह रोहाना कलां के ग्राम मलीरा में पहुंचे। उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर भी उनके साथ रहे। मैनुअल सर्वेक्षण में किए गए खेतो ंकी पुन: जांच में चारों भुजाएं सही पाई गई। कृषक बिजेंद्र सिंह मलीरा ने उपलब्ध कराए गए मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार कैल्शियम की उपलब्धता की मांग की। जोन तितावी के ग्राम संधावली से सहावली मार्ग का निरीक्षण करने के उपरांत नोडल अधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के समय ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक तथा अवर अभियंता तितावी उपस्थित रहे। केके सिंह द्वारा सहकारी गन्ना विकास समिति एवं गन्ना विकास परिषद खतौली का भी निरीक्षण किया गया। खतौली समिति की दुकानों के किराया निर्धारण एवं अनपेड गन्ना मूल्य के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सहकारी गन्ना विकास समिति खतौली के चेयरमैन ओमवीर सिंह भी उपस्थित रहे। उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर ने समस्त ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों एवं सचिवों को सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।