चरथावल (मुजफ्फरनगर)।
फुटबाल का जुनून उनके दिल में बचपन से बसा है। स्कूली स्तर पर की गई मेहनत अब रंग लाई है। नालंदा पब्लिक स्कूल के अक्षुण्ण त्यागी और जगन्नाथ को अंडर-17 के लिए नेशनल फुटबॉल क्लब मोहन बागान की टीम के लिए चुन लिया गया है। अक्षुण्ण ने जर्मनी में एफसी बॉयन यूथ कप में भारतीय टीम के साथ हिस्सेदारी की थी।
फुटबाल का क्रेज गांव और कस्बों तक पहुंच गया है। बीते सात साल से अक्षुण्ण और जगन्नाथ सिकंदर ने फुटबाल में चमकने की ठानी हुई है। नालंदा पब्लिक स्कूल में फुटबाल कोच सोमेन राय ने उन्हें तराशने में मेहनत की। कस्बे के प्रवीण और सुरेखा त्यागी के पुत्र अक्षुण्ण ने फुटबाल में सुनहरे कल की दस्तक दी है। अंडर-19 में वह यूपी की फुटबाल टीम में खेलें और लुधियाना में हुई बीसी राय ट्राफी जीती। संस्था की ओर से चार खिलाड़ियों को नेशनल फुटबाल क्लब मोहन बागान कोलकाता की टीम में चयन के लिए भेजा गया था, उनमें से दो खिलाड़ियों का अंडर-17 में चयन हुआ है। इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे अक्षुण्ण स्ट्राइकर और जगन्नाथ मिड फील्ड में खेलते हैं।
कोच ने बताया कि चयनित छात्रों की फुटबाल प्रतिभा विशेष है। भविष्य में वे राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अधिक नाम कमाएंगे। प्रबंधक विनेश त्यागी बताते है कि गत वर्ष जर्मनी में खेले गए एफसी ब्रायन यूथ क्लब में खेली भारत की टीम पूरे देश से 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया था। जिसमें चरथावल के अक्षुण्ण और जगन्नाथ भी शामिल थे। मोहन बागान अंडर-17 में चयन के बाद उन्हें नि:शुल्क जूनियर स्तर पर प्रशिक्षण और टूर्नामेंटों में खेलने का मौका मिलेगा।