मीरापुर। न्यायालय के आदेश पर सनातन धर्म इंटर कालेज के एक सेवानिवृत्त शिक्षक के विरुद्ध बीएड की फर्जी डिग्री ओर मार्कशीट के आधार पर नौकरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने कालेज के प्रधानाचार्य को भी शिक्षक का सह अभियुक्त बनाया है।
गांव तुल्हेडी निवासी धर्मवीर पुत्र भंवर सिंह का आरोप है कि सनातन धर्म इंटर कालेज से सेवामुक्त अध्यापक रविंद्र कुमार पुत्र कृपाल सिंह निवासी नूनीखेड़ा ने इस कालेज में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हरिद्वार से प्राप्त बीएड की फर्जी डिग्री और मार्कशीट के आधार पर नौकरी की। शिकायतकर्ता ने सूचना के अधिकार के अंतर्गत गुरूकुल कांगडी विश्वविद्यालय से आरोपी शिक्षक रविंद्र कुमार के बीएड प्रमाण पत्रों की जानकारी प्राप्त की तो विश्वविद्यालय ने बताया कि गुरुकुल कांगड़ी में बीएड कक्षाऐं कभी भी संचालित नहीं की गयी। इसी आधार पर शिकायतकर्ता ने न्यायिक मजिस्ट्रेट मुजफ्फरनगर की अदालत में संपूर्ण मामला डालकर न्यायालय के आदेश पर आरोपी शिक्षक रविंद्र कुमार के विरुद्ध थाना मीरापुर में मुकदमा दर्ज कराया। वादी धर्मवीर ने रविंद्र कुमार को नौकरी के दौरान मदद करने के आरोप में सनातन के इंटर कालेज के प्रधानाचार्य विकास शर्मा को भी सह अभियुक्त बनाया। आरोपी शिक्षक 31 मार्च 2018 को रिटायर हो चुके है। रिटायर व आरोपी शिक्षक रविंद्र कुमार का कहना है कि उनकी बीएड की डिग्री व मार्कशीट सत्य है। इस संबंध में सिविल जज हरिद्वार द्वारा उनके पक्ष में फैसला दिया जा चुका है। मामले के विवेचक राजेंद्र गिरी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच कर कार्यवाही की जायेगी।
बैराज पर भी श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
फोटो..
मीरापुर। ज्येष्ठ मास के गंगा दशहरा के पावन पर्व पर गंगा बैराज घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान किया तथा पूजा अर्चना की। पर्व के कारण प्रात: से ही बैराज घाट पर स्नानार्थियो की भीड़ लगी थी। गंगा में कम जल होने के बाद भी भीड़ ने स्नान कर पुण्य लाभ कमाया।
उधर, वन विभाग द्वारा गंगा बैराज पर गंगा मां की आरती उतार कर गंगा हरीतिमा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल, शिखर शिक्षा सदन हायर सेकेंडी स्कूल के बच्चों ने चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, वाद-विवाद प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने गंगा को स्वच्छ, निर्मल व अविरल बनाने तथा एक व्यक्ति द्वारा एक पौधा रोपित करने के लिये उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि टिकौला चीनी मिल के वीपी एमसी शर्मा रहे। अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य वंदना वर्मा ने की । संचालन टिकौला के पूर्व प्रधान नाहर सिंह ने किया। वन विभाग की ओर से रेंजर मनोज कुमार बलौदी ने अतिथियों का स्वागत कर वन विभाग की योजनाओ की जानकारी दी। कार्यक्रम में बीडीओ जानसठ डॉ विजय प्रताप सिंह, डॉ रश्मि कांबोज, रामकिशोर, बीपी सिंह, प्रधानाचार्य विपिन कुमार, मोहन कुमार बहुखंडी, मोहनलाल, रमेशचंद्र, प्रिंका, शकावत, अताफत आदि उपस्थित रहे।