डीएम ने की 50 लाख से अधिक की परियोजनाओं की समीक्षा
मुजफ्फरनगर। डीएम राजीव शर्मा ने कहा कि विकास कार्य गुणवत्तापरक तथा मानकों के अनुसार समय सीमा के तहत पूर्ण कराया जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं का संबंधित विभागीय अधिकारी भौतिक निरीक्षण कर गुणवत्ता का जायजा ले और पूर्ण परियोजनाओं को समय सीमा के अंतर्गत हैंडऑवर कराए।
कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित 50 लाख से अधिक के निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि परियोजनाओं की गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता क्षम्य नही होगा। थर्ड पार्टी निरीक्षण कराना भी सुनिश्चित किया जाए। पाइप पेयजल परियोजनाओं, सेतु निगम द्वारा मंसूरपुर में रेलवे पुल तथा राजकीय इंटर कॉलेजो और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की। कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजरों को सख्त हिदायत दी कि सभी परियोजनाएं गुणवत्तायुक्त एवं मानकों के अनुसार पूर्ण की जाए। अमृत योजना के तहत किए जाने वाले कार्यो की भी समीक्षा की। बैठक में डीएसटीओ सहित सम्बन्धित जिला स्तरीय अधिकारी एवं सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।