योगी सरकार अपराधों पर नियंत्रण करने में नाकाम
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा की योगी सरकार अपराधों पर नियंत्रण करने में नाकाम रही है। प्रदेश में अपराधों की बाढ़ आई हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार गरीबों व किसानों का शोषण कर रही है। उन्होंने इस सरकार को झूठों की सरकार बताया।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल बुधवार को सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी के बुढ़ाना आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। कैराना उपचुनाव के लिए गठबंधन पार्टी का प्रचार करने आए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार में अपराधों का बोलबाला है। अपराधों पर नियंत्रण करने में नाकाम हुई भाजपा सरकार अब मजबूरी में कोका कानून लाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कथनी व करनी में जमीन आसमान का फर्क है। उन्होंने भाजपा की सरकार को झूठ बोलने वालों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में गरीबों व किसानों का शोषण हो रहा है। किसानों के गन्ने का भुगतान नहीं हो रहा। सरकार की गलत पॉलिसी के कारण बाजार खाली पडे़ हैं। दुकानदार खाली बैठे हुए हैं। देहातों में बिजली के दामों में बढ़ोतरी हुई हैं। विकास दर बढ़ने के बजाय घट गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा हर कदम पर विफल हो रही है। उन्होंने कहा कि इन्हीं सब कारणों के कारण कैराना उपचुनाव में गठबंधन पार्टी की प्रत्याशी चुनाव जीतेंगी। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, फूलपुर के सांसद नगेंद्र प्रताप सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप, चंदन चौहान, हाजी लियाकत, मुकेश चौधरी, सुबोध त्यागी, बालकिशोर त्यागी, ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह, सुरेंद्र सहरावत आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।